अररिया : बिहार के अररिया में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के दौरान इलेक्शन ड्यूटी में तैनात एक जवान की मौत से हड़कंप मच गया। मामला जिले के सिकटी विधानसभा क्षेत्र के पलासी प्रखंड का है। यहां उत्क्रमित मध्य विद्यालय पैचेली बूथ संख्या 49, 50, 51, पर चुनाव ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान की मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। जवान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।
मृतक जवान की पहचान सीतामढ़ी जिले के रंजीतपुर गांव निवासी राम आशीष साह के 55 वर्षीय पुत्र महेंद्र साह के रूप में हुई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पलासी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। जानकारी देते हुए होमगार्ड जवान के इंस्पेक्टर दिलीप कुमार ठाकुर ने बताया कि मृत होमगार्ड जवान 1989 बीच के थे। वह कटिहार में दूसरे चरण का चुनाव कराने के बाद अररिया में तीसरे फेज की वोटिंग करवाने पहुंचे थे।
जवान की ड्यूटी सिकटी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 49, 50, 51 पर लगी थी। मंगलवार सुबह अचानक उनके सीने में दर्द उठा। अन्य सहयोगी जवान को पलासी सामुदायिक उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। मगर अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मृत होमगार्ड जवान के परिजन को दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया जाएगा। इंस्पेक्टर ने बताया कि सरकारी प्रावधान के अनुसार उन्हें सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।