धोरैया (बांका)। बिहार में बांका जिले के भेलाय गांव में बुधवार को बहू से विवाद होने पर एक वृद्ध दंपती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। मृतकों में भेलाय गांव निवासी किशन सिंह (65) एवं उनकी पत्नी कुसमी देवी (60) शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने गांव पहुंचकर शवों को बरामद कर लिया। गुरुवार को इनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि किशन सिंह को तीन पुत्र एवं एक पुत्री है। तीनों पुत्र परदेस में रोजगार करते हैं। पुत्री की शादी होने के बाद घर में किशन सिंह, उनकी पत्नी व बड़ी बहू रहती थी। बताया जाता है कि किशन सिंह की पत्नी पिछले एक वर्ष से लकवा से ग्रसित हैं।
मंगलवार को सास-ससुर व बहू के बीच आपसी विवाद होने पर बुधवार सुबह बहू घर से निकलकर चली गई। इसे देख किशन सिंह भी बांका गए और कीटनाशक लाकर उन्होंने खा लिया। इसके बाद पत्नी को भी खिला दिया। जब जहर का असर हुआ तो दोनों चिल्लाने लगे। चिल्लाने की आवाज सुनते ही ग्रामीण दौड़े। उन्हें बेचैनी की हालत में देख लोगों ने घटना की जानकारी उनकी पुत्री को दी। मामला जहर खाने से जुड़ा होने के कारण कोई ग्रामीण उन्हें अस्पताल लेकर नहीं गया। इससे पुत्री के आने से पहले दोनों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक दंपती की बेटी ने आरोप लगाया है कि भाभी से विवाद के बाद ही उनकी मां व उनके पिताजी ने जहर खाकर जान दी है।