पटना : लोकसभा चुनाव 2024 में आरक्षण का मुद्दा जोर पकड़े हुए है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बिहार के सीवान में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधा है। सरमा ने कहा कि अगर लालू यादव मुसलमानों को आरक्षण देना चाहते हैं तो वे पाकिस्तान चले जाएं। पाकिस्तान जाकर मुस्लिमों को रिजर्वेशन दे दें, हमें कोई आपत्ति नहीं है। मगर भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता है।
हिमंत बिस्वा सरमा ने सीवान लोकसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में शनिवार को चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आरजेडी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। सरमा ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने हमें एक संविधान दिया, जो हमारे लिए भगवत गीता धर्मग्रंथ जैसा ही है। संविधान में लिखा हुआ है कि एससी, एसटी, अति पिछड़ा और ओबीसी को रिजर्वेशन मिलना चाहिए। नरेंद्र मोदी ने इन सभी वर्गों के आयोग की स्वीकृति देकर सभी को आरक्षण देने का काम किया। मगर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव कह रहे हैं कि मुसलमानों को आरक्षण मिलना चाहिए। सरमा ने कहा कि हिंदू अब पहले जैसा नहीं है। हिंदू अब जाग चुका है। भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण हो ही नहीं सकता है। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने ओबीसी एवं अति पिछड़े का कोटा काटकर मुसलमानों को आरक्षण दिया। आंध्र प्रदेश में भी मुस्लिमों को रिजर्वेशन दिया गया। अब लालू यादव भी ऐशी ही बात कर रहे हैं।
अगर वे मुसलमानों को आरक्षण देना चाहते हैं तो पाकिस्तान चले जाएं और वहां रिजर्वेशन दे दें। भारत में ऐसा नहीं होगा। अपने भाषण में हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि कश्मीर भारत का है। कश्मीर का एक टुकड़ा पाकिस्तान में है। आप मोदी जी को 400 सीटें दीजिए, हम पाकिस्तान से पीओके वापस लेकर आएंगे। सरमा ने राम मंदिर के मुद्दे पर कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आ गई तो वे दोबारा रामलला को टेंट में भेजने का काम कर देंगे।