पटना। बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि नीति, नीयत और नेता विहीन विपक्ष का एजेंडा ही देश को गुमराह और तबाह करने का रहा है। बात-बात में लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देने वालों को बंगाल के नंदीग्राम की घटना पर भी अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
विजय सिन्हा ने यह भी कहा कि बंगाल जो कभी शक्ति की उपासना का केंद्र माना जाता था। उसे आज घुसपैठियों की तुष्टीकरण और आतंक के शक्ति प्रदर्शन का रंगमंच बना दिया गया है। सबसे दुखद पहलू तो यह है कि जिस बंगाल में यह कुकृत्य हुआ है, वहां एक महिला के हाथों में ही सत्ता है। इस घटना से आज बंगाल ही नहीं, पूरा देश शर्मसार है।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी और आइएनडीआइए की राजनीति एक ही धारा है। ये सभी भय, भूख और भ्रष्टाचार का माहौल बनाकर अपना लूटतंत्र कायम करना चाहते हैं। बिहार ने भी आंतक और बर्बरता का ऐसा एक दौर देखा है। लोग यह भी नहीं भूले कि उस दौर में उस जंगलराज का संचालन कौन कर रहा था?