बक्सर। लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण का मतदान समाप्त हो चुका है। चुनाव में लगे सभी लोग आराम कर रहे हैं। रविवार को छुट्टी का दिन होने से चुनाव में लगे सरकारी कर्मी भी अपने-अपने घरों में चैन की सांस ले रहे थे। वहीं, राजनीतिक पार्टियों के कार्यालयों में माहौल अलग-अलग था। समाहरणालय रोड में राष्ट्रीय जनता दल का जिला कार्यालय है। रविवार को यहां चुनाव की खुमारी हंसी-मजाक के माहौल में बिताई जा रही थी। कार्यकर्ताओं की भीड़ भी अच्छी थी। कोई कुर्सी पर तो कोई बेंच पर बैठकर बातचीत कर रहा था।
जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह भी पार्टी के 10-12 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर चर्चा कर रहे थे। गुड़ से बने बूंदी के लड्डू से आने वाले लोगों का स्वागत पानी के साथ हो रहा था। कुछ लोग अपनी तस्वीर और अन्य कागजात लेकर मतगणना से संबंधित अनुमति पत्र बनवाने के लिए कार्यालय पहुंचे हुए थे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि उनके प्रत्याशी सुधाकर सिंह कार्यकर्ताओं के साथ समय व्यतीत करते हुए चुनावी चर्चा किए। कुछ देर के लिए अपने कमरे में आराम करने गए हैं।
यहां उत्साह का माहौल देखने को मिला। इधर, बाइपास रोड काली मंदिर स्थित भाजपा के चुनावी कार्यालय में भी कार्यकर्ता बैठकर आपस में चर्चा कर रहे थे।पता चला कि पार्टी प्रत्याशी मिथिलेश कुमार तिवारी दोपहर के बाद जासो रोड स्थित आवास सह कार्यालय में चले गए हैं। यहां भी कार्यकर्ता वोट का जोड़-घटाव करने में लगे हुए थे। कुछ लोग अपना फोटो व कागजों की फोटोकापी करने के लिए इधर-उधर आ-जा रहे थे। तभी प्रमोद मिश्रा व पुनीत सिंह मिले। इन लोगों ने बताया कि पार्टी के उम्मीदवार बंपर वोट से जीत रहे हैं। यहां भी मतगणना की तैयारी की चर्चाएं लोगों की जुबान पर थीं।