सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी में पति-पत्नी के बीच विवाद ने ऐसा खूनी रूप अख्तियार किया कि दोनों की जान चली गई। सनकी पति ने पहले पत्नी की हत्या कर दी और जैसे ही उसे अपनी करतूत का एहसास हुआ की खुद को भी इस कदर जख्मी किया कि अस्पताल ले जाने के रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना से इलाके के लोग सदमे में हैं। यह दुखद घटना सीतामढ़ी के बोखरा थाना क्षेत्र के गढ़वाल गांव वार्ड संख्या 6 की बताई जाती है मृत पत्नी की पहचान बबीता देवी, 40 वर्ष जबकि पति की पहचान मैनेजर राय 42 वर्ष के रूप में हुई है। मैनेजर राय की बबीता से दूसरी शादी हुई थी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। दोनों के शवों को आरंभिक जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
गांव के लोग इस घटना से इस कदर सदमे में है कि कोई कुछ बोल नहीं रहा है। चारों ओर सन्नाटा पसरा है। पुलिस की जीप बीच बीच में गश्ती करने आ जाती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार देर रात की है। पति-पत्नी के बीच पहले से कहा सुनी होती थी। गुरुवार की रात मामला बहुत बढ़ गया। गुस्से में आकर मैनेजर राय ने कैंची उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया। कैंची से उसने पत्नी को कई स्थानों पर बुरी तरीके से गोद दिया जिससे घटनास्थल पर ही बबीता देवी की मौत हो गई। कुछ देर के बाद वह रोने लगा और वही कैंची उठाकर खुद पर हमला करने लगा। लोगों ने बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक देर हो गई थी। वह बुरी तरीके से जख्मी हो चुका था।