नवादा: बिहार के नवादा में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने एक मुखिया को मौत के घाट उतार दिया। घटना पकरीबरावां थाना क्षेत्र के बुधौली की है। पंचायत के मुखिया पप्पू मांझी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। शुमुखिया के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या की गई है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना से पुलिस और प्रशासन के होश उड़ गए। कई वरीय पदाधिकारी घटना स्थल पर पहुंच कर खुद तहकीकात में लगे हैं। हत्या की इस वारदात से नीतीश सरकार की किरकिरी हो रही है कि मुखिया भी सुरक्षित नहीं है।
घटना की सूचना के बाद पकरीबरावां के एसडीपीओ महेश चौधरी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी नीरज कुमार, अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। मृतक के परिवार वालों से घटना की जानकारी ली जा रही है। मृतक का सबसे बड़ा पुत्र सोनू कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात को नौ बजे के आस पास किसी से मोबाइल पर बात करते हुए घर से बाहर निकले। उसके बाद घर लौटे नहीं। शुक्रवार की सुबह को रामधनपुरी इंटर विद्यालय बुधौली के पास एक बालक ने कुत्ते को शव को चाटते हुए देखा। इसके बाद पाया कि शव पंचायत के मुखिया का है।
मृतक की पहचान मुखिया बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीण डॉग स्क्वाड की टीम को बुलाने एवं हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। मृतक के पांच छोटे-छोटे बच्चे हैं। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक पप्पू मांझी दूसरी बार बुधौली पंचायत के मुखिया बने थे। बुधौली पंचायत की दिवंगत मुखिया बसंती देवी की मृत्य के बाद 2018 में हुए उप चुनाव में वे मुखिया बने थे। इसके बाद 2021 में हुए पंचायत चुनाव में दूसरी बार मुखिया बने। इस घटना की छानबीन में पुलिस जुट गई है। परिवार की ओर से कोई संकेत नहीं मिलने से पुलिस कई एंगल से छानबीन कर रही है। पुलिस उस शख्स का पता लगाने में जुट गई है जिसके बुलाने पर मुखिया घर से निकले थे। उनके मोबाईल का कॉल डिटेल पुलिस खंगाल रही है। आस पास के लोग और परिवार वालों से जानकारी ली जा रही है।