पटना: पटना में देर रात दालान में सो रहे वृद्ध दादा की पोते ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना पटना के अगरिया टोला में घटी है। मरने वाले बुजुर्ग का नाम सरबी यादव है। पुलिस ने आरोपित पोता नीरज यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या का कारण संपत्ति बंटवारे का विवाद बताया जा रहा है। कोलहर पंचायत के अरियाग टोला निवासी 71 वर्षीय वृद्ध सरबी यादव रविवार की रात अपने दालान में सोए थे तभी देर रात बदमाशों ने उनके सिर में चार गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनते ही परिजन दालान पर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर घर में कोहराम मच गया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही डीएसपी-1 निखिल कुमार, थानाध्यक्ष रूपक कुमार अंबुज सदलबल मौके पर पहुंचे और कागजी कार्यवाही करते हुए लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीएसपी-1 निखिल कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र राजकुमार यादव के बयान पर अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, वैज्ञानिक तरीके से मामले के अनुसंधान में यह बात सामने आई कि वादी राजकुमार यादव के पुत्र नीरज यादव ने ही अपने दादा सरबी यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने इस घटना में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार कर ली है। चार किलोमीटर खदेड़कर आरोपित को पकड़ा डीएसपी-1 निखिल कुमार ने बताया कि उसे भनक मिल गई कि शक की सुई उसके इर्द-गिर्द घूम रही है।
इसके बाद वह गांव के बाहर जाकर छिप गया। गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी के बाद पुलिस को देखते ही नीरज भागने लगा। फिर करीब चार किलोमीटर की भागदौड़ के बाद खदेड़कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसने स्वीकार किया कि दादा से बंटवारे का विवाद था तथा बीती रात दादा के साथ उसका झगड़ा भी हुआ था। इसके बाद ही देर रात उसने अपने दादा सरबी यादव को चार गोली मारी गई थी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी।