पटना। राजद प्रमुख और पूर्व मंत्री लालू यादव के साथ ही उनकी पत्नी राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत पूरा परिवार उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मुंबई रवाना हो गया है। अनंत और राधिका का विवाह आज ही होना है। लालू यादव के साथ उनकी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव, लोकसभा सदस्य व लालू पुत्री मीसा भारती, रोहिणी आचार्य के साथ ही तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव भी मुंबई गए हैं।
कुछ देर में ये नेता मुंबई पहुंच जाएंगे और दिनभर चलने वाले विवाहोत्सव में शामिल होंगे। मुंबई रवाना होने के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से कहा कि उनके परिवार को शादी का निमंत्रण पत्र मिला था। उसी में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने वर-वधु के उज्ज्वल जीवन की कामना भी की। बता दें कि लालू परिवार को शादी में आमंत्रित करने के साथ मुंबई तक की यात्रा के लिए विशेष चार्टर्ड प्लेन भी भेजा गया था। जिसमें सवार होकर वे मुंबई रवाना हुए। अनंत-राधिका के विवाह में देश-विदेश की कई हस्तियां शामिल हो रही हैं। बिहार के भी कई नेताओं और कलाकारों को विवाह का निमंत्रण मिला है। जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ ही लालू प्रसाद का परिवार भी शामिल है।