पटना: बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का आज चौथा दिन है। आज भी विपक्ष की ओर से हंगामे के आसार हैं। विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले विपक्षी दलों ने तकरार का अपना मूड दर्शा दिया। कांग्रेस के विधायक मुंह में काला पट्टी बांधकर विधानसभा पहुंचे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बुधवार को पटना में प्रदर्शन के दौरान हुए लाठी चार्ज की विरोध में विधायक काला पट्टी लगाए हैं। हाथों में पोस्टर लिए विधानसभा परिसर में सभी प्रदर्शन कर रहे हैं। लाठी-डंडे की सरकार नहीं चलेगी का नारा भी लगा रहे हैं। इधर राजद के विधायक विधानसभा पोर्टिको में पोस्टर के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं। राजद के प्रदर्शन में कांग्रेस के विधायक भी शामिल हुए। बिहार में अपराध बढ़ने समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर यह सभी प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे हैं। बुधवार को विधानमंडल का तीसरे दिन का सत्र विपक्ष के हंगामे का गवाह बना। इस बीच सरकार पेपर लीक को लेकर महत्वपूर्ण विधेयक पारित करवाने में कामयाब रही।इस बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने विपक्ष के प्रदर्शन को महज दिखावा बताया है। उन्होंने कहा है कि अपराध के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले राजद के नेता वर्ष 2005 के पहले की स्थिति को भूल गए हैं। आरोप लगाया कि वर्ष 2005 के पहले सत्ता के केंद्र से अपराधियों को संरक्षण दिया जाता था। वर्ष 2005 के बाद बिहार में लगातार अपराध पर नियंत्रण लगाया गया है। वह विधानसभा के परिसर में मीडिया से बात कर रहे थे।