भेल्दी सारण जिला के भेल्दी थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव में एक युवक की हत्या कर शव को गर्दन में साड़ी लगा पेड़ से लटका दिया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। मृत युवक मकेर थाना क्षेत्र के बाघाकोल गांव का बताया गया है, जो अपने घर से चांदपुरा मामा के घर स्वतंत्रता दिवस के दिन आया था। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार लड़का गुरुवार को अपने घर से मामा के घर आया था। वहां से रात में करीब 9 बजे गायब हो गया। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर स्वजन ने इसकी सूचना भेल्दी थाना को दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्वजन ने अपने पड़ोसी पर अपहरण करने का आरोप लगाया था।इसके बाद शुक्रवार की सुबह घर के सामने बगीचा में लीची के पेड़ से साड़ी में लटका हुआ लड़के का शव स्वजन ने देखा। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पुलिस को मिली।
पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गई। हत्या कांड की जांच के लिए घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है टीम हर तरह से मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार लड़के का मामा के घर में पड़ोस की रहने वाली एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसके बाद उसकी हत्या लड़की के स्वजन द्वारा किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस मामले में पांच लोगों को पूछताछ के लिए उठाकर थाना लाई है। इस संबंध में भेल्दी थाना अध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।