मुजफ्फरपुर जिले में दर्जनों मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर विवेक कुमार उर्फ सोनू घायल हालत में सड़क के किनारे मिला। घटना को लेकर के कई तरह की चर्चा चल रही है। वहीं, अपराधियों के दो गुटों द्वारा घटना को अंजाम दिए जाने की सूचना है। गोली लगने से घायल व्यक्ति लूट-डकैती सहित कई संगीन मामलों में आरोपी रहा है। वह हाल ही में बीजेपी विधायक के पेट्रोल पंप लूट मामले में शामिल था। परिजनों ने बताया कि उसने खुद से गोली मारी है। पूरा मामला जिले के काजी मोहम्मदपुर थानाक्षेत्र के छाता चौक दामूचौक रोड का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थानाक्षेत्र के साइन गांव निवासी एक बड़े कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विवेक उर्फ सोनू गोली लगने से घायल हालत में एक सड़क के किनारे मिला। उसके बाद पुलिस ने घायल को आनन-फानन में इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी पर एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि हिस्ट्रीशीटर विवेक उर्फ सोनू की दाहिनी आंख के नीचे कनपटी के निचले हिस्से के पास एक गोली लगी है, जो आर-पार कर गई है।
वहीं, परिजनों ने कहा कि इसके चरित्र को देखकर हम लोगों ने इसका परित्याग कर दिया। बीते तीन साल से परिवार से अलग रहता है। इसका साथ अच्छे लोगों से कम और बुरे लोगों से ज्यादा है। इसके कारण से परिवार की परेशानी बढ़ गई है। हमें लग रहा है कि यह गलत काम करने लगा है और इसकी वजह से हमारी परेशानी बढ़ गई है। इसने खुद को मारने का प्रयास किया है। वहीं, घटना की जानकारी के बाद डीएसपी वेस्ट अभिषेक आनंद कांटी थाना प्रभारी सुधाकर पांडे, काजी मोहम्मदपुर थानेदार रवि कुमार गुप्ता सहित कई पुलिस और जांच टीम अस्पताल पहुंचीं।
फिर इस मामले में कई घंटे तक पूछताछ की। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि विवेक उर्फ सोनू कांटी थानाक्षेत्र का रहने वाला है। इसके ऊपर एक दर्जन से भी अधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें कि लूट, डकैती, छिनैती और हथियार के बल पर राहगीरों को निशाना सहित कई मामले दर्ज हैं। अभी बयान दर्ज किया जा रहा है। इस घटना के कारण की जांच-पड़ताल भी की जा रही है। यही नहीं इसके साथ ही परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना में इस्तेमाल हथियार गायब हैं। पुलिस आसपास में लगे हुए CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।