सारण: जिले के परसा थाना क्षेत्र के सगुनी गांव में शराबियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर सोमवार की रात में ग्रामीणों ने हमला कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें चार पुरुष एवं दो महिला आरोपित शामिल है।अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा सघन छापेमारी की जा रही है। वहीं, शराब के खिलाफ पुलिस के द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, परसा थाना में कार्यरत सब इंस्पेक्टर सीतालाल प्रसाद गुप्ता सोमवार की रात में पुलिस बल के साथ गस्ती में निकले हुए थे। इस दौरान सगुनी गांव में शराब पीकर कुछ लोग हंगामा कर रहे थे। पुलिस ने शराब पीकर हंगामा कर रहे एक शराबी को गिरफ्तार कर लिया। उसे गिरफ्तार करने की सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीण एकजुट हो गए और पुलिस वाहन को रोक कर उस पर हमला कर दिया।
ग्रामीणों द्वारा आरोपित को गाड़ी से उतरने का प्रयास किया गया। इसका पुलिस बल ने विरोध किया। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मारपीट भी मारपीट की, जिसमें कई पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं। ग्रामीणों ने आरोपित को छुड़ा लिया। जख्मी पुलिस कर्मियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसा में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। घायल पुलिस कर्मियों में सब इंस्पेक्टर सीतालाल प्रसाद गुप्ता, सैफ के जवान नंदकिशोर राय, सुशील प्रसाद सिंह शामिल हैं। इस घटना के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छकमारी अभियान शुरू किया और इस घटना में शामिल 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में परसा थाना अध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार लोगों से अन्य के बारे में जानकारी दी जा रही है। पुलिस पर हमला करने वालों की और आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।