सुपौल: के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरियापट्टी के समीप रविवार की सुबह एक तेज रफ्तार बाइक पुल के रेलिंग से टकरा गई। घटना में बाईक पर सवार एक लड़के की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में एक 18 वर्षीय युवक है, जबकि दूसरा 16 वर्षीय नाबालिग लड़का है। इधर, मौत की खबर सुनते ही मृतकों के परिवार में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। वही पुलिस शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई में जुटी है। दोनों मृतक की पहचान जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पूर्वी वार्ड 10 निवासी मंगल ऋषिदेव के 18 वर्षीय पुत्र विजय ऋषिदेव और विनोद ऋषिदेव के 16 वर्षीय पुत्र विकेश ऋषिदेव के रूप में हुई है।
परिजनों द्वारा बताया जा रहा है कि घर से बाइक पर सवार होकर दोनों कोरियापट्टी बाजार के लिए निकले थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए।वही जदिया थाना से त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक ही बाईक पर दोनों लड़के सवार हो कर जा रहे थे। इसी दौरान रफ्तार तेज होने की वजह से बाइक का संतुलन बिगड़ गया। जिसके बाद बाईक पुल के रेलिंग से टकरा गयी। घटना में बाईक सवार विजय ऋषिदेव की मौत मौके पर हो गई, जबकि जख्मी विकेश को उपचार के लिए त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। हालांकि इलाज के क्रम में उसने भी दम तोड़ दिया। इधर, मौत की खबर सुनते ही दोनों परिवारों में मातम है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है।