काराकाट। बेनसागर पंचायत के खैराडीह गांव में काली माता के प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यज्ञ के आयोजन पर बुधवार को जलभरी की शोभा यात्रा निकाली गयी। शोभा यात्रा में खैराडीह गांव के महिला, पुरुष , युवा सहित आस पास के गांवों के काली माता के भक्तों ने जलभरी यात्रा में बढ़ चढ़ कर भाग लिया। काली माता के मंदिर यज्ञ स्थल से भक्तों ने हाथों में व माथे पर कलश लेकर कतारबद्ध होकर बैंड बाजे के साथ बेनसागर काव नदी पहुंचे। काव नदी पर पहुंच कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा पाठ की गयी।
पूजा पाठ के बाद नदी से कलश में जल भरकर भक्त वापस यज्ञ स्थल पहुंचे। यज्ञ स्थल पर कलश को स्थापित कर काली माता के प्राण प्रतिष्ठा में पूजा शुरू कर दी गयी। गौरतलब हो कि तेज धूप व असहनीय गर्मी के बावजूद भक्तगण भक्ति में लीन रहे और जलभारी को लेकर उनका उत्साह कम नहीं रहा। काली माता के भक्त सभी देवी देवताओं का जयकारा लगाते रहे जब तक पूजा की शुरुआत नहीं हुयी। यज्ञ स्थल पर काली माता के प्राण प्रतिष्ठा में पूजा पाठ शुरू हो चुका है . प्रकांड विद्वानों व धर्म गुरुओं, आचार्यो द्वारा प्रवचन किया गया। प्रवचन सुनने के लिए खैराडीह के अलावा आसपास के गांव के भी श्रद्धालु पहुंचे थे।