सासाराम। नगर थाना की पुलिस ने पैथोलॉजी संचालक से रंगदारी मांगने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार 4 दिन पूर्व रौज़ा रोड स्थित एक पैथोलॉजी संचालक से कुछ लोगों द्वारा रंगदारी मांगा जा रहा था। साथ ही साथ पैथोलॉजी सेंटर पर हमला कर संचालक से मारपीट भी की गई थी। इसको लेकर पैथोलॉजी संचालक ने सासाराम नगर थाना में रंगदारी मांगने को लेकर 1 ज्ञात एवं तीन अज्ञात सहित चार व्यक्तियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार मंगलवार को नगर थाना की पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र लश्करीगंज मोहल्ला निवासी मोनू दुबे को बौलिया रोड़ से गिरफ्तार कर लिया है। इसकी जानकारी देते हुए सासाराम एसडीपीओ संतोष राय ने बताया कि रौज़ा रोड स्थित लाइफ लाइन पैथोलॉजी में चार दिन पूर्व कुछ युवकों द्वारा हंगामा किया गया था और संचालक से रंगदारी मांगी गई थी। इसको लेकर पैथोलॉजी संचालक ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दर्ज प्राथमिकी के आलोक में मोनू दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही इसमें शामिल अन्य लोगों के गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।