सासाराम। सासाराम विधानसभा के भाजपा के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद आज जेल से रिहा हो गए। जेल से रिहा होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया। बता दें कि सासाराम में रामनवमी के दौरान भड़के दंगे मामले में भाजपा के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद को षडयंत्र रचने के आरोप में 28 अप्रैल को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया था। गिरफ्तारी के बाद जवाहर प्रसाद की रिहाई को लेकर परिजनों ने सासाराम न्यायालय में याचिका दायर किया था जिसे सासाराम के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने उनकी अर्जी को खारिज कर दिया था। उसके बाद रिहाई को लेकर पटना हाई कोर्ट में याचिका दायर किया गया था और 4 दिन पूर्व हाईकोर्ट से पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद को जमानत मिल गई। उसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आज शाम उन्हें सासाराम जेल से रिहा कर दिया गया।
जेल से रिहा होने के बाद जवाहर प्रसाद बिहार सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि बिहार की सरकार धृतराष्ट्र बन गई है। यहां की सरकार अंधी बाहरी हो गई है। यहां के लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में धृतराष्ट्र की सरकार चल रही है। साथ ही रिहाई के बाद उन्होंने माननीय उच्च न्यायालय का धन्यवाद दिया और कहा कि न्यायालय के आगे किसी की भी नहीं चलती है। पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि हमारे समर्थक हमारी रीढ़ है और इन्हीं के हौसलों की बदौलत हमने जेल में 3 महीने काटे। वही जेल से निकलने के बाद बीजेपी के समर्थको ने जवाहर प्रसाद को फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया।