सासाराम। रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम के नगर क्षेत्र के फजलगंज से एक 16 वर्षीय बालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक की पहचान फजलगंज निवासी मनोज कुमार का पुत्र निखिल कुमार बताया जाता है। मिली जानकारी के अनुसार निखिल शनिवार की देर रात से ही अपने घर से लापता था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। रविवार की दोपहर सासाराम नगर थाना क्षेत्र के फजलगंज स्थित चाणक्या कॉलोनी के समीप रेलवे लाइन के पास से उसका शव बरामद किया गया। जिसे गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने बताया कि अपने दोस्तों के साथ वह निकला फिर वापस नहीं आया।
दोस्तो ने मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार घर के परिजनों के द्वारा जब घर का सीसीटीवी देखा गया तो मृतक के एक दोस्त को पहचान कर उसे थाने लाया गया, मृतक के परिजनों द्वारा उसकी पिटाई करने पर हत्या की बात कबूली और इसके दो अन्य लोगों का शामिल होने की बात कही। उक्त दोनों की गिरफ्तारी के बाद तीनों युवकों ने हत्या की बात कबूल करते हुए मृतक के डेड बॉडी के पास ले गए। डेड बॉडी को देखते हुए लोग और अक्रोशित हो गए और तीनो की पिटाई करनी शुरू कर दी। वहीं परिजनों ने हत्या का मामला बताते हुए शव को सड़क के बीचोबीच रखकर फजलगंज गैस एजेंसी के पास पुरानी जीटी रोड को पूरी तरह से जाम कर दिया और हत्या में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तार की मांग करने लगे।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही सासाराम एसडीएम मनोज कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष राय दल बल के साथ घटना स्थल पहुंच कर मामले की जानकारी लिया। आक्रोशित लोगों को समझा बूझकर तकरीबन 2 घंटे के बाद जीटी रोड से जाम को हटाया गया और यातायात को सुचारू बनाया। परिजनों के के बयान और दिये गए जानकारी के अनुसार स्थानीय पुलिस में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार निखिल कुमार स्थानीय बाल विकास विद्यालय का बारहवीं क्लास का छात्र बताया जाता है। युवक की हत्या क्यों और कैसे की गई फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।