डेहरी। रोहतास जिला अंतर्गत रोहतास प्रखंड से अमरनाथ गए पूर्व मृखिया की खाई में गिरने से मौत हो गई है। मृतक विजय कुमार शाह (50 साल( जिले के रोहतास प्रखण्ड के तुंबा गांव के रहने वाले थे। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पूर्व मुखिया पवित्र गुफा से लौटते समय कालीमाता के पास फिसल गए और 300 फीट नीचे गिर गए, जबकि उनके साथ गई ममता नामक यात्री भी घायल बताई जाती है। उनके शव को माउंटेनमेन, बचाव दल एमआरटी और सेना के द्वारा बड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया है। शव आज रात तक उनके पैतृक गांव लाए जाने की संभावना है।
रोहतास थानाध्यक्ष कुमार धर्मेन्द्र ने बताया कि शुक्रवार रात 11 बजे जानकारी मिली कि पूर्व मुखिया की मौत अमरनाथ के यात्रा के दौरान खाई में गिरने से हो गई है। बताया कि घटना मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में बालटाल की ओर काली माता मोड़ के पास घटी जहां ट्रैक से गिरने के कारण 50 वर्षीय विजय शाह की जान चली गई। बताया कि परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है। वहां के एक अधिकारी के अनुसार यात्री की पहचान बिहार के विजय कुमार ;उम्र 50द्ध के रूप में की गई है। उसके साथ सुश्री ममता कुमारी 26 साल भी थीं। बताया कि मृतक का शव बरामद कर लिया गया है और उसे बालटाल बेस कैंप अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है, जबकि घायल महिला को ब्रारीमार्ग बेस कैंप अस्पताल में चिकित्सा देखभाल मिल रही है।