बड़ी खबर लैंड फॉर जॉब मामले के एक आदेश पर आया है। भ्रष्टाचार के मामले में लालू परिवार की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही है। बता दें कि दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत 17 आरोपियों के खिलाफ समन जारी किया है। सभी को 4 अक्टूबर को कोर्ट में पेश होने को कहा है।
लैंड फॉर जॉब्स केस में तेजस्वी के खिलाफ चार्जशीट भी कोर्ट ने मंजूर कर ली है। उनके खिलाफ भी केस चलेगा। CBI ने पहली बार बिहार के डिप्टी CM तेजस्वी यादव को आरोपी बनाया है। डिप्टी CM तेजस्वी यादव ने कहा है कि ये कोई पहला और आखिरी मामला नहीं है। ये सब चलता रहेगा। हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। इन सब मामलों में कोई दम नहीं है। इससे पहले गुरुवार को CBI ने कोर्ट को बताया कि तीन रेल अधिकारियों के खिलाफ केस चलाने की इजाजत गृह मंत्रालय से मिल गई है। रेल अधिकारी मनदीप कपूर, मनोज पांडे, डॉ. पीएल बंकर के खिलाफ केस चलाने की परमिशन मिली है। वहीं, 12 सितंबर को ही लालू प्रसाद यादव पर केस चलाने की इजाजत गृह मंत्रालय ने दे दी थी।
कानून के जानकारों की माने तो अब समन वाले दिन आरोपियों को कोर्ट में पेश होना होगा। इस दौरान कोर्ट सभी आरोपियों को चार्जशीट पढ़कर सुनाई जाएगी। उनसे पूछा जाएगा क्या उन्हें आरोप स्वीकार है। इसके बाद चार्जशीट के आधार पर आरोप गठन होगा। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। लैंड फॉर जॉब्स केस में आरोपी डिस्चार्ज एप्लिकेशन हायर कोर्ट में फाइल कर सकते हैं। वे वहां चार्जशीट को खारिज करने की अपील कर सकते हैं। अपने तर्क के आधार पर बता सकते हैं कि उन पर दायर चार्जशीट तथ्यहीन है।
वही इस मामले पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी हैं। बीजेपी के राज्यसभा सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा है कि लैंड फॉर जॉब्स केस में लालू यादव औरं उनका परिवार बच नहीं पाएगा। ललन सिंह ने पुख्ता सबूत दिए हैं।
दरअसल 2004 से 2009 तक लालू प्रसाद रेल मंत्री थे। आरोप है कि लालू प्रसाद ने पद पर रहते हुए परिवार को जमीन ट्रांसफर के बदले रेलवे में नौकरियां दिलवाईं। CBI ने यह भी आरोप लगाया है कि रेलवे में की गई भर्तियां भारतीय रेलवे के मानकों के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं थी।
वहीं, दिल्ली की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित मकान संख्या D-1088 (एबी एक्सपोर्ट्स प्रा.लि.) के नाम रजिस्टर्ड है। इस कंपनी के मालिक तेजस्वी प्रसाद यादव और उनका परिवार है। इस संपत्ति की आज बाजार में कीमत 150 करोड़ रुपए है। इसे खरीदने में मुंबई के जेम्स और ज्वेलरी के कारोबारियों ने पैसे लगाए। कागज पर यह कंपनी का ऑफिस है, लेकिन तेजस्वी इसे अपने घर की तरह इस्तेमाल करते हैं।
ये खबर फरहा के द्वारा लिखा गया है।