सासाराम। भाजपा के संस्थापक सदस्य और बिहार भाजपा के भीष्म पितामह स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की 100 वीं जयंती को बिहार बीजेपी जन्मशताब्दी वर्षगांठ के रूप में मनाएगी। इसकी जानकारी सासाराम पहुंचे प्रदेश प्रवक्ता मनोज शर्मा ने परिसदन में प्रेस वार्ता के दौरान दिया। उन्होंने बताया की 5 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में जन्मशताब्दी वर्षगांठ समारोह मनाया जाएगा। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शिरकत करेंगे। पूरे प्रदेश में एक महीने तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन तमाम कार्यक्रमों की शुरुआत बापू सभागार से राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा करेंगे।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सह गोह के पूर्व विधायक मनोज शर्मा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता चाहे वह जनसंघ काल से हों या फिर अभी वर्तमान परिदृश्य में काम कर रहे हों, सभी कैलाशपति मिश्रा को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि देना चाहते हैं। कि जिस कैलाशपति मिश्रा ने तप त्याग, तपस्या से भारतीय जनता पार्टी को खड़ा किया है, उनके नक्शे कदम पर चलना है। इसलिए विशेष तौर पर इस कार्यक्रम में सभी प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व के प्रदेश पदाधिकारी, जितने भी मंच मोर्चा है उनके पदाधिकारी, सभी जिला अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष, सभी जिला के कमेटी के पदाधिकारी, जिला के सभी मंच-मोर्चों के पदाधिकारी, मंडल के अध्यक्ष, मंडल के महामंत्री, सभी शक्ति केंद्र के प्रमुख इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए पटना जाएंगे। इस संवाददाता सम्मेलन में रोहतास जिला भाजपा के जिलाध्यक्ष सुशील चंद्रवंशी , महामंत्री विजय सिंह, अशोक साह, जिला उपाध्यक्ष विवेक सिंह, मंगलानंद पाठक,अरुण पांडेय, जिला मीडिया प्रभारी ई०पुलकित सिंह , प्रवक्ता संजय कश्यप, प्रकाश गोस्वामी, नंद जी गुप्ता, गुप्तेश्वर गुप्ता, सत्यनारायण पासवान, नगर अध्यक्ष संदीप सोनी, डॉ.शिवनाथ चौधरी, संतोष कुमार सहित कई नेता मौजूद थे।