गया: गया जिले के गुरुआ विधानसभा के पूर्व विधायक राजीव नंदन दांगी का पटना स्थित पारस अस्पताल में मंगलवार की देर रात निधन हो गया। वह मूल रूप से टिकारी के गुलारियाचक गांव के रहने वाले थे। वह भाजपा के टिकट पर गुरुआ विधानसभा से चुनाव जीते थे। पूर्व विधायक का पार्थिव शरीर पटना पारस अस्पताल से भाजपा प्रदेश कार्यालय ले जाया जाएगा। जहां से सड़क मार्ग होते हुए गया जिला भाजपा कार्यालय पहुंचेगा। यहां पार्टी के नेता व कार्यकर्ता उन्हें अंतिम विदाई देंगे।
दोपहर 12 बजे होगा अंतिम संस्कार
इसके बाद गया शहर के पंचकुटी स्थित निवास स्थान पर आमजनों व परिजनों के लिए अंतिम दर्शनों के लिए पार्थिव शरीर को रखा जाएगा। अंतिम यात्रा बुधवार दोपहर 12:00 बजे पंच कुटी निवास स्थान से निकलेगी। अतिम यात्रा विष्णुपद स्थित श्मशान घाट पहुंचेगी। वहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व विधान परिषद कृष्ण कुमार सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम प्रकाश चिंटू, धनराज शर्मा, जिला उपाध्यक्ष योगेश कुमार एवं जिला मीडिया प्रभारी संतोष ठाकुर ने उनके आकस्मिक निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है।
नेताओं ने कहा कि वह प्रखर नेता थे। बेबाक तरीके से अपनी बातों को सड़क से लेकर सदन तक रखते थे। ईश्वर उन्हें शांति प्रदान करें और परिवार को दुख सहने की शक्ति दे। वे गुरुआ में 2015 से 2020 तक विधायक रहे। वह दो भाइयों में छोटे भाई थे। वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।