भोजपुर: भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में मंगलवार को विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी मची रही।जानकारी के अनुसार मृत किशोर चरपोखरी थाना क्षेत्र के सेमराव गांव निवासी राम नारायण साह का 15 वर्षीय पुत्र अभिमन्यु कुमार है एवं नौवीं कक्षा का छात्र था। इधर, मृत छात्रा के पिता राम नारायण साह ने बताया कि वह घर से गांव में ही बाजार की ओर गया था। तभी तेज बारिश होने लगी। वही रास्ते में बिजली का तार टूट कर पहले से गिर पड़ा था। जब वह बाजार से घर लौट रहा था। उसी दौरान वह उसी विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इसके बाद उसके पिता ने जब उसे रास्ते में जमीन पर गिर पड़ा देखा तो वह फौरन वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा की करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई है। जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची और शव अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया। बताया जाता है कि मृत किशोर अपने चार बहन व दो भाई में सबसे बड़ा था। मृत किशोर के परिवार में मां शांति देवी व चार बहन अंजली, अनामिका, अमृता, अंशु एवं एक भाई आयुष है। घटना के बाद मृत किशोर के घर में कोहराम मच गया है। इस घटना के बाद मृत किशोर की मां शांति देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।