बक्सर: बक्सर जिले में इस बार नवरात्रि में माता दुर्गा के लिए भव्य पंडाल बनाए जा रहे हैं। नगर पंचायत ब्रह्मपुर चौरास्ता पर कोलकाता के बेलूर मठ की भव्य आकृति वाले पंडाल में माता दुर्गा की मूर्ति स्थापित होगी। वहीं, चौगाईं में लाल किले के प्रतिकृति बनाई जाएगी। जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत ब्रह्मपुर में कोलकाता के कलाकारों द्वारा लगभग दो सप्ताह से भव्य और आकर्षक पंडाल बनाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। यहां दशहरे के अवसर पर माता दुर्गा का पूजन और प्रत्येक वर्ष अलग-अलग आकृति वाले पंडाल आकर्षण के केंद्र होते हैं।
ब्रह्मपुर चौरास्ता प्रमुख व्यावसायिक केंद्र नहीं होने के बाद भी यहां साल 1949 से माता दुर्गा की मूर्ति स्थापित कर पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना शुरू की गई थी। यही कारण है कि आसपास के दर्जनों गांव के लोग यहां देवी दर्शन के लिए आते हैं। बादल स्पोर्टिंग क्लब, निमेज और व्यवसायी संघ के संयुक्त प्रयास से चौरास्ता की पूजा और प्रसिद्ध हो गई है। इस बार रामकृष्ण परमहंस के प्रसिद्ध बेलूर मठ, कोलकाता की आकृति वाले भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है।
पूजा समिति के प्रमुख सुनील कुमार उर्फ बिल्लू, गुड्डू पांडे, सुधीर ओझा, दिलीप साह, टुनटुन यादव, विशेश्वर तिवारी बताते हैं कि पंडाल के निर्माण पर तीन लाख रुपया खर्च हो रहा है। इसके अलावा चौरास्ता के चारों तरफ प्रमुख मार्गों पर काफी दूर-दूर तक प्रकाश की व्यवस्था सहित अन्य तरह के खर्च अलग है। पंडित उमलेश पांडे द्वारा दुर्गा सप्तशती के पाठ का विधिवत अनुष्ठान किया जाता है और सहयोगी लाल बाबू पांडे होते हैं। नवरात्र और विजयादशमी तिथि को खीर के बने प्रसाद का वितरण किया जाता है।