पटना: पटना में आज कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित श्री बाबू के 136वें जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पहुंचे। उन्होंने सदाकत आश्रम पहुंचकर बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्री कृष्ण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा स्पीकर और कांग्रेस नेता मीरा कुमार, प्रमोद तिवारी, तारीक अनवर, बिहार प्रभारी भक्त चरण दास, प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह मौजूद थे। इस दौरान लालू प्रसाद यादव ने अपना संबोधन भी दिया। इस मौके पर लालू प्रसाद यादव ने कहा कि देश संकट से गुजर रहा है। देश में सांप्रदायिक ताकतें आंख फाड़कर खड़ी हैं। संविधान के ऊपर संकट पैदा कर रहे हैं।
इसलिए हमलोगों का जुटान हुआ है न और I.N.D.I.A गठबंधन बना। लालू यादव ने कहा कि इन लोगों की विदाई होने वाली है, इसलिए ये लोग छटपटा रहे हैं। ये लोग कहते हैं कि आईएनडीआईए गठबंधन का चेहरा कौन होगा। तो मैं बताना चाहता हूं कि नेता हमलोग चुन लेंगे। इसमें कोई परेशानी नहीं होगी। भाजपा हटाओ देश बचाओ ये नारा पूरे देश में गूंजेगा। भाजपा, आरएसएस का सफाया होगा। लालू यादव ने कहा कि ये लोग सिर्फ छापा-छापा करते रहते हैं। एजेंसी का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास मुकदमेबाजी के अलावा कोई काम नहीं है। इस सब से कुछ मिलने वाला नहीं है।