पटना: राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव ने अपने परिवार के साथ दीपावली का त्योहार मनाया। खास बात यह रही कि तेजस्वी यादव की बेटी कात्यायिनी लालू यादव की गोद में दिखाई दी। तेजस्वी यादव ने परिवार के संग दीपावली की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कीं। तेजस्वी यादव द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, राजश्री यादव और उनकी बेटी कात्यायिनी दिख रही हैं।
वहीं, तेजस्वी यादव के बड़े भाई तेजप्रताव यादव हरी टोपी में नजर आए। आरजेडी ने एक्स पर लिखा, “यूपी में दीए गिने जा रहे, बिहार में नौकरियां”। लालू यादव ने एक्स पर लिखा, “यह दीपावली आपके जीवन में अमन, सुख, समृद्धि, समता एवं न्याय का प्रकाश लेकर आए, ऐसी मंगलकामना है। आइए हम सभी मिलकर समाज में व्याप्त गैर बराबरी, नफरत, भेदभाव, गरीबी, बुराई और हिंसा के अंधेरे को दूर करें तथा प्रेम, शांति, सद्भाव, अच्छाई और आनंद के दीये जलाएं। आप सबों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं”।
नीतीश कुमार ने अपने बेटे निशांत के साथ सीएम आवास पर दिवाली मनाई। मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा, “प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। दीपावली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। दीपावली को पारस्परिक सौहार्द्र, सद्भाव और उल्लास के साथ मनाएं”।