राघोपुर: राघोपुर थाना क्षेत्र के चांदपुरा पंचायत के हैबतपुर गांव में घर के निकट ऑटो में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर आसपास के लोग जुट गए। मृतक स्थानीय चंदेश्वर शाह के 25 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार साह थे। युवक की मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हालत में घर से 1 किलोमीटर दूरी पर स्थित नवाब राय के बांसवाड़ी में मिली।युवक के गला एवं पीठ पर निशान हैं। आशंका जताई जा रही है कि घर से युवक को बुलाकर गला दबा कर हत्या कर शव टेंपू में रख दिया गया है। युवक के पास से ₹20000 एवं मोबाइल गायब है।
युवक की पत्नी ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की थी। भगवान भास्कर को पहले अर्घ्य अर्पण किया था। दूसरे अर्घ् अर्पण करने से पहले मिली पति की हत्या की जानकारी के बाद पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।बताया जाता है कि युवक के मोबाइल पर बीते रविवार की शाम करीब 7:30 बजे किसी ने फोन किया था। फोन करने के पश्चात युवक मोटरसाइकिल लेकर अपने घर से निकल गया। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर युवक के घर वालों ने करीब 9:30 बजे फोन किया। तो बोला कि सैदाबाद किसी दोस्त के यहां है। समय से घर आ जाएंगे।
उसके बाद युवक का फोन बंद बताने लगा। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर घर वालों ने युवक की खोजबीन करने लगा खोजबीन के दौरान घर के सामने लगे ऑटो पर युवक का शव मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर आसपास के लोग जुट गए। स्वजन एवं स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी राघोपुर थाना की पुलिस पदाधिकारी को दी। घटना की जानकारी के करीब 3 घंटे बाद राघोपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। जिसे लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। घटना के संबंध में मृतक के भाई विजय कुमार ने बताया कि मुकेश के मोबाइल पर किसी ने फोन किया, फोन आने के बाद रविवार की शाम करीब 7:30 बजे वह घर से मोटरसाइकिल से निकल गया।
काफी लेट होने के बाद जब फोन किया गया तो उसका मोबाइल बंद बताने लगा। रविवार की देर रात तक काफी खोजबीन करने के बाद घर के सामने लगे ऑटो में ही शव मिला। मृतक के भाई ने किसी से कोई दुश्मनी नहीं होने की बात कही है। मृतक के दो बेटी एवं एक बेटा है। मृतक की पत्नी भी छठ की हुई थी। मृतक 6 भाइयों में सबसे छोटा था।