पटना। जनता दल (यूनाइटेड) के मुख्य प्रवक्ता एवं विधान पार्षद नीरज कुमार ने आरोप लगाया है कि भाजपा फर्जी हिंदुत्व के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है। बुधवार को उन्होंने केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में भगवाकरण करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देशभर के केंद्रीय विद्यालय केंद्र सरकार द्वारा संचालित किए जाते हैं। मौजूदा समय में केंद्र में हिंदूवादी भाजपा की सरकार है, लेकिन हैरानी का विषय यह है कि केंद्रीय विद्यालयों में महाशिवरात्रि, रक्षाबंधन, गोवर्धन पूजा, भाई-दूज, रामनवमी, अनंत पूजा और जितिया पर्व की एक भी छुट्टी नहीं है।
इससे साफ पता चलता है कि भाजपा हिंदुत्व के प्रति कितनी संवेदनशील है। नीरज ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार हिंदुत्व का दंभ भरती है। पहले अपने गिरेबान में देखे केंद्र सरकार फिर दूसरे पर सवाल उठाएं। पूर्वांचल में छठ महापर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है, लेकिन यह जानकर आश्चर्य हुआ कि उत्तर प्रदेश में छठ की छुट्टी केवल एक दिन ही है। भाजपा को बताना चाहिए कि छठ महापर्व मानने वाले पूर्वांचल वासियों के साथ यह दोहरा रवैया क्यों?