बेतिया: बिहार में कोहरे का असर यातायात पर नजर आने लगा है। घने कोहरे के कारण न सिर्फ सड़कों पर चलना मुश्किल होने लगा है। बल्कि हादसे भी होने लगे हैं। बेतिया जिले में भी बीते रात बारातियों से भरी कोहरे के कारण हादसे का शिकार हो गई। जिसमें बस में बैठे 20 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना जिले की नरकटियागंज के पुष्पांजलि होटल के समीप की है। बताया जाता है कि बस बारात लेकर मोतिहारी गई थी। मोतिहारी से लौटने के दौरान कुहासे के कारण नरकटियागंज मे हादसे का शिकार हो गई। बताया जाता है कि सड़क के बीचों-बीच बनाए गए डिवाइडर के ऊपर चढ़ गई।
घायल यात्रियों का कहना है कि बस में करीब 50 लोग सवार थे। इसमें 20 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया।