पटना। नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित 14वें एग्रीकल्चर लीडरशिप अवार्ड्स, 2023 में बिहार को फसल उत्पादन में सर्वश्रेष्ठ राज्य के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश व केरल के राज्यपाल न्यायमूर्ति पी. सदाशिवम की अध्यक्षता में प्रतिष्ठित ज्यूरी पैनल ने फसल उत्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गुरुवार को बिहार को यह पुरस्कार दिया।
समारोह के दौरान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा से कृषि विभाग के सचिव संजय अग्रवाल ने पुरस्कार ग्रहण किया। इस मौके पर अग्रवाल ने कहा कि फसल उत्पादन में बिहार की सफलता का श्रेय एक व्यापक दृष्टिकोण को दिया जाता है जो प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और सामुदायिक सहभागिता को एकीकृत करता है।
राज्य की कृषि नीतियों ने संधारणीय प्रथाओं को बढ़ावा देने, बढ़ी हुई पैदावार सुनिश्चित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने राज्य सरकार के द्वारा किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज और कुशल सिंचाई प्रणाली सहित आवश्यक सहायता प्रदान किए जाने की दिशा में उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया।
बिहार ने कृषि रोडमैप के माध्यम से वर्ष 2008 से बहुक्षेत्रीय दृष्टिकोण अपनाया है, जिससे कृषि तथा संबद्ध क्षेत्र पर विविध सकारात्मक प्रभाव पड़े हैं। एग्रीकल्चर लीडरशिप अवार्ड्स, एग्रीकल्चर टुडे ग्रुप द्वारा स्थापित एक प्रतिष्ठित मंच, कृषि क्षेत्र में उत्कृष्टता के प्रतीक के रूप में कार्य करता है।