पटना। घने कोहरे के कारण शुक्रवार को हवाई एवं रेल यातायात पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को पटना सहित 13 जिलों में घने कोहरे का आरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 18 जिलों में मध्यम दर्जे के कोहरे की चेतावनी है। हजार मीटर से कम दृश्यता के कारण शुक्रवार को पटना एयरपोर्ट पर लखनऊ की पहली फ्लाइट 12.28 बजे लैंड कर सकी। इसका समय 11.10 बजे था। वहीं पटना से विस्तारा की पहली फ्लाइट 1.33 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो सकी। इसका समय 10.40 बजे था। वहीं इंडिगो की दिल्ली व मुंबई जाने वाली दो फ्लाइट रद कर दी गई।
7.40 बजे दिल्ली एवं 8.25 बजे मुंबई की फ्लाइट थी। इधर राजधानी एक्सप्रेस 11 घंटे और संपूर्ण क्रांति 15 घंटे देर से पटना पहुंची। विक्रमशिला भी 16 घंटे विलंब से चल रही है। इस बार बिहार में बारिश नए साल का स्वागत कर सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक एक जनवरी की शाम या दो जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, तीन और चार को भी बारिश के आसार जताए गए हैं।
पटना-कोटा 14 घंटा विलंब से चल रही है। श्रमजीवी एक्सप्रेस 2.30 घंटे विलंब से चल रही है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति दिल्ली से आने एवं जाने वाली ट्रेनों की है। इस मार्ग पर कोहरे के चलते परिचालन बुरी तरह प्रभावित है। दरभंगा से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद के लिए शुक्रवार को आठ विमानों का आवागमन हुआ। कोलकाता से दरभंगा आने वाली फ्लाइट करीब 53 मिनट विलंब से पहुंची। दरभंगा से बेंगलुरु और दरभंगा से दिल्ली की फ्लाइट एक-एक घंटे विलंब से पहुंची। मुंबई से दरभंगा आने वाली फ्लाइट करीब 53 मिनट विलंब से उड़ान भरी। दरभंगा से दिल्ली जाने वाली और मुंबई से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की एक-एक फ्लाइट रद रही।