दरभंगा: असामाजिक तत्वों ने एक थाना में आग लगाने की कोशिश की। रात के अंधेरे में आग लगाकर थाना को जलाने और वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को नुकसान पहुंचाने के मकसद से इस घटना को अंजाम दिया जा रहा था। घटना मोरो थाना की है। थाने के बैरक में रविवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि थाना परिसर में मौजूद रिजर्व गार्ड की सक्रियता से आग लगने की घटना टल गयी। थाना परिसर में अगर आग लग जाती तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के बाद सिटी एसपी सागर कुमार खुद थाना पर पहुंच गए। वह खुद छानबीन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गयी है। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक आग लगाने का प्रयास करता दिख रहा है। पुलिस ने उसकी पहचान कर लिया है और बताया जा रहा है कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। देर की इस घटना की सूचना मिलने पर सिटी एसपी सागर कुमार मोरो थाना पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। सिटी एसपी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आग लगाने का प्रयास किया गया लेकिन पुलिस की तत्परता से बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आग लगाने का प्रयास करते युवक की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। रात्रि 12 बज कर 21 मिनट से 12.54 के बीच उसे थाना के पास देखा गया। जाने से पहले वह डीजल छिड़कर आग लगाने का प्रयास करते देखा गया। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों के बारे में भी जानकारी ली जा रही है।
सिटी एसपी सागर कुमार ने बताया घटना को रोकने के लिए ओडी अधिकारी की ओर से किये गए प्रयास के बारे में भी जानकारी ली जा रही है। कहा कि इस बात की खुशी है कि हमारे जवानों ने तत्परता से इस बड़ी घटना को होने से रोक दिया। लेकिन थाने में आग लगाने का प्रयास करना भी बड़ा अपराध है। गहन छानबीन कर पूरे मामले का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा। फिलहाल थाना के सारे दस्तावेज और पुलिसकर्मी व पदाधिकारी सुरक्षित है।