पटना। गणतंत्र दिवस के राजकीय समारोह में शुक्रवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने गांधी मैदान में झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर उन्होंने बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं की चर्चा कर बिहार में हो रहे सकारात्मक बदलाव की चर्चा की। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन समेत हर क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। राज्यपाल ने इससे पूर्व मार्च पास्ट की सलामी ली।
सेना में कार्यरत कई अधिकारियों को अलग_अलग पदकों से सम्मानित किया। इसके बाद 14 झांकियों का प्रदर्शन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी,विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर समेत अन्य गणमान्य अतिथि शामिल हुए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने आवास पर झंडा फहराया है। उन्होंने लोगों के बीच मिठाइयां बांटी है। इसका वीडियो भी सामने आया है।
आयुक्त ने साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, बैठने की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, आमंत्रण पत्र वितरण, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा, अग्निशमन, ध्वनि विस्तारक यंत्र की व्यवस्था, झांकियों का प्रदर्शन, विधि-व्यवस्था सहित सभी बिंदुओं की एक-एक कर समीक्षा की।
आयुक्त ने सभी पदाधिकारियों को अपनी-अपनी टीम को निरंतर सक्रिय एवं तत्पर रहने का निर्देश दिया। सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष सतर्कता बरतने और सभी बिंदुओं पर ससमय समुचित कार्रवाई करने को कहा।
विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से पूरे गांधी मैदान को चार सेक्टर एवं सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। अपर जिला दंडाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक वरीय प्रभार में रखे गए हैं। कुल 60 स्थानों पर 92 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। चार सेक्टर दंडाधिकारी भी मुस्तैद रहेंगे। दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों को भी तैनात किया गया है।
महिला बल, लाठी बल एवं अन्य पुलिस बल भी ड्यूटी पर मुस्तैद रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष में तीन पालियों में 24 सुरक्षित दंंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। गेट संख्या नौ एवं 10 से केवल आमंत्रित अतिथियों को प्रवेश मिलेगा। आमलोग चार, पांच, छह एवं सात नंबर गेट से जाएंगे। दर्शक दीर्घा में बैठने की व्यवस्था की गई है।
समारोह समाप्त होने पर गांधी मैदान के सभी गेट खोल दिए जाएंगे। मीडियाकर्मियों को नौ नंबर गेट से प्रवेश मिलेगा। आयुक्त के साथ सिटी एसपी वैभव शर्मा, विशिष्ट पदाधिकारी, अनुभाजन मनोरंजन कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था हेमंत कुमार सिंह एवं अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।