सासाराम। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को सासाराम में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भाग लिया। इस दौरान दोनों की गहरी दोस्ती साफ-साफ नजर आ रही थी। सबसे दिलचस्प नजारा यह देखने को मिला कि राहुल गांधी जीप में साइड की सीट पर बैठे थे और तेजस्वी ड्राइव कर रहे थे। दोनों नेताओं की इस तस्वीर की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। हालांकि, कुछ यूजर ट्रोल भी कर रहे हैं। लेकिन सियासी जगत में भी इस तस्वीर की काफी चर्चा हो रही है।
बता दें कि राहुल गांधी आज कैमूर के दुर्गावती प्रखंड के धनेछा में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। तेजस्वी यादव और राहुल गांधी दोनों एनडीए सरकार के खिलाफ हुंकार भरेंगे और नीतीश कुमार के खिलाफ भी हमला बोल सकते हैं। बता दें कि कांग्रेस को बिहार में आरजेडी का हमेशा से साथ मिलता रहा है। इसके अलावा दोनों नेताओं के बीच सीट शेयरिंग को लेकर भी चर्चा हो सकती है। रैली के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी उसी दिन उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होंगे। यह पहली बार होगा जब राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा इंडी गठबंधन से नाता तोड़ने के बाद राजद नेता बिहार में गांधी के साथ मंच साझा करते नजर आएंगे।
वहीं गुरुवार को ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ बिहार के औरंगाबाद पहुंची। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को चुनावी बांड को रद्द करने के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट की प्रशंसा की और आगामी लोकसभा चुनाव में सत्ता में आने पर देश भर में वित्तीय सर्वेक्षण कराने का वादा किया। गुरुवार को औरंगाबाद के गांधी मैदान में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ओबीसी, दलित और पिछड़े वर्ग, जो देश की आबादी का 73 प्रतिशत हिस्सा हैं, कॉर्पोरेट जगत, उद्योगों, मीडिया, व्यापार मंचों पर बहुत कम या प्रभाव रखते हैं।
यही कारण है कि अगर हम चुने जाते हैं तो हमारी पार्टी ने देशव्यापी जाति जनगणना आयोजित करने का विचार रखा है, क्योंकि यह क्षेत्रों और मंचों पर उपेक्षित समुदायों का व्यापक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करेगा। यह अभ्यास एक सामाजिक एक्स-रे के समान होगा। इससे हमें यह भी पता चलेगा कि प्रत्येक समुदाय अपनी आबादी के मामले में कहां खड़ा है।