पटना। बिहार से बुधवार को एक बड़ी सियासी खबर सामने आई है। यहां विधानसभा के उपाध्यक्ष और जदयू नेता महेश्वर हजारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही अटकलों को बाजार भी गर्म हो गया है। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी की गई अधिसूचना के अनुसार, महेश्वर हजारी ने इस्तीफा दिया है। उनका इस्तीफा 21 फरवरी की दोपहर से ही मान्य कर लिया गया है।
बता दें कि महेश्वर हजारी दो बार के विधायक हैं। वह आरक्षित कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार के विधायक चुने गए थे। जदयू नेता हजारी मार्च 2021 से विधानसभा में डिप्टी स्पीकर का पद संभाल रहे थे। बता दें कि महेश्वर हजारी ने अपने पद से किस वजह से इस्तीफा दिया है, इस संबंध में अभी कोई जानकारी या स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। हजारी इससे पहले नीतीश कैबिनेट में मंत्री रह चुके हैं।
प्रदेश के सियासी गलियारों में ऐसी अटकलें हैं कि महेश्वर हजारी को एक बार फिर से नीतीश कैबिनेट में जगह मिल सकती है। बता दें कि बीते माह के अंत में प्रदेश में जदयू-राजद के महागठबंधन वाली सरकार गिर गई थी। इसके बाद से ही प्रदेश के सियासी माहौल में चर्चा और अटकलों का दौर जारी है। जदयू-भाजपा की नई सरकार बनने के बाद भी सियासी अटकलों का यह सिलसिला अब भी जारी है। हालांकि, जानकार यह भी मानते हैं कि जल्द ही महेश्वर हजारी मीडिया से बात करके इस संबंध में अपना रुख स्पष्ट कर सकते हैं।