पटना। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भ्रष्टाचार के प्रतीक व चारा घोटाले के पांच मामलों में सजायाफ्ता लालू प्रसाद को बिहार की जनता पहले ही खारिज कर चुकी है। इंडी गठबंधन की रैली को फ्लाप शो बताते हुए उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी की गारंटी है कि एक भी भ्रष्टाचारी बचने वाले नहीं। लालू प्रसाद परिवारवाद के ही नहीं, भ्रष्टाचार के भी प्रतीक हैं। नौंवी फेल तेजस्वी बताएं कि हजारों करोड़ की परिसंपत्तियां उन्होंने किस नायाब तरीके से हासिल की।
क्रिकेट के खिलाड़ियों को पानी पहुंचाने वाला जब नाबालिग था, तब ही 52 से ज्यादा प्लाट, बिल्डिंग और माल का मालिक कैसे बन गया? बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को छद्म हिंदू बताए जाने पर राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की कड़ी आलोचना की है। सजायाफ्ता व भ्रष्टाचारी बताते हुए उन्होंने कहा कि लालू ने कभी भी सनातन का सम्मान नहीं किया। लालू को राजनीतिक जोकर बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके दौर में बिहार और बिहारियों को गाली बना दिया गया था। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भीम सिंह ने कहा कि जन-विश्वास महारैली विरोधाभासियों, भ्रष्टाचारियों, परिवारवादियों का जमावड़ा भर था। रैली को जनता ने नकार दिया। रैली के जरिए प्रदेश में सामाजिक वैमनस्यता फैलाने का प्रयास किया गया।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि महागठबंधन की महारैली में लोगों का विश्वास कहीं नहीं दिखा। जिस तरह के दावे किए जा रहे थे, वे फ्लाप साबित हुए और बिहार की जनता ने एक बार फिर से साबित कर दिया की महागठबंधन में उसका कोई विश्वास और भरोसा नहीं है। वास्तव में यह जन-विश्वास महारैली नहीं, बल्कि परिवार बचाओ-भ्रष्टाचार छुपाओ महारैली थी। लालू के 15 वर्ष के शासन में बिहार में सिर्फ अपराध तंत्र, भ्रष्टाचार और जंगल राज का बोलबाला रहा। उस कारण बिहार दशकों पीछे चला गया।