सौरबाजार (सहरसा)। रौता पंचायत के वार्ड संख्या नौ स्थित रौतावंशी में सोमवार रात को बदमाशों ने ईंट-पत्थरों से कूचकर एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस को आशंका है कि किसी दूसरी जगह हत्या कर शव को वहां फेंका गया है। घटना के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। जानकारी के अनुसार स्व. चंदेश्वरी प्रसाद सिंह के पुत्र दौलत कुमार सिंह रौता खेम निवासी राजू सिंह की पुत्री के शादी समारोह में गए हुए थे।
शादी से एक दिन पहले सोमवार की रात कुमरम का भोज खाकर रात साढ़े 12 बजे वह अपने घर की ओर निकले थे। रात में वे घर नहीं पहुंचे थे। स्वजन को लगा कि वह राजू सिंह सिंह के यहां ही रह गए होंगे। मंगलवार सुबह दौलत कुमार सिंह का पुत्र आकाश कुमार जब खेत की मेढ़ से होकर कोचिंग जा रहा था तो पिता को जमीन पर गिरा देख वह जोर-जोर से शोर करने लगा।
स्थानीय लोग पहुंचे तो पता चला कि दौलत की मौत हो चुकी है। जिस जगह शव बरामद किया गया है, वहां सिर्फ पैदल चलने लायक रास्ता है। शव बरामदगी की जगह किसी तरह की गतिविधियों का निशान नहीं दिखाई दे रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने कहीं दूसरी जगह पर हत्या कर शव को यहां आकर रख दिया है। इसकी सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। दौलत का मोबाइल फोन भी खेत में शव के पास ही मिला है। पुलिस मोबाइल काल डिटेल रिकार्ड व अन्य साधनों से मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है।