पटना। बिहार में बेमौसम बारिश ने मुश्किलें एक बार फिर से बढ़ा दी है। किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान हो रहा है। कई जिलों में इस बारिश के चलते फसल के खराब होने की खबर सामने आ रही है। वहीं आज यानी 21 मार्च की बात करें तो बिहार के 10 जिलों में तेज आंधी के साथ फिर से बारिश के आसार हैं। ऐसा लग रहा है जैसे फागुन में सावन-भादो आ गया हो। बिहार की राजधानी पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, बेगूसराय, खगड़िया और कटिहार में बारिश की संभावना जताई गई है। इस बारिश से किसानों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। लोगों को भी खुले में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
गया में दो दिनों से हो रही बारिश से गेंहू की फसल को काफी नुकसान हुआ है। वहीं कई जगह तो आलू, चना, मटर, टमाटर आदि फसल तो चौपट हो गई। वहीं आम का मंजर को भी तेज वर्षा और ओलावृष्टि ने बर्बाद कर दिया है। गया में बुधवार को मूसलाधार वर्षा ने किसानों के चिंता बढ़ा दिया है। जोरदार वर्षा से गेंहू की फसल का नुकसान हुआ है। खेतों में पानी जमने के कारण हवा चलने पर गिर सकता है। फसलों के नुकसान के जायजा लेने के लिए सभी प्रखंड में प्रखंड कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया है। गुरुवार से पदाधिकारी द्वारा फसलों की जायजा लिया जाएगा। फिर नुकसान की भरपाई की कोशिश की जाएगी।