पटना। गैंगस्टर से नेता बने मुख्तार अंसारी की 28 मार्च को उत्तर प्रदेश के बांदा में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पांच बार के पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी पर हत्या, अपहरण और जबरन वसूली से जुड़े लगभग 63 आपराधिक मामले चल रहे थे। मुख्तार अंसारी की मौत पर अब बिहार में भी सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने अपने एक्स हैंडल पर मुख्तार अंसारी की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने सरकार से कई सवाल दागे हैं। पप्पू यादव ने मुख्तार अंसारी को जहर देने का आरोप लगाया है।
पप्पू यादव ने कहा कि कई दिन से मुख्तार अंसारी आरोप लगा रहे थे उन्हें धीमा जहर दिया जा रहा है उनके सांसद भाई ने भी यह आरोप लगाया गया था। देश की संवैधानिक व्यवस्था के लिए अमिट कलंक है। पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की सांस्थानिक हत्या कानून, संविधान, नैसर्गिक न्याय को दफन कर देने जैसा है। मुख्तार अंसारी की मौत के बाद पप्पू यादव ने सुप्रीम कोर्ट से तुरंत संज्ञान लेने के लिए कहा है। उन्होंने शीर्ष अदालत के दिशा-निर्देश में स्वतंत्र जांच की मांग की है।