भागलपुर: भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज में दिनहदाड़े हत्याकांड के अभियुक्त और जमीन कारोबारी 26 वर्षीय पवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना दोपहर बाद लगभग पौने चार बजे की है। पवन अपने घर में सो रहा था, तभी बदमाशों ने घर में घुसकर कनपटी में गोली मारी। परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे पर तबतक देर हो चुकी थी। उसे दो गोली मारने की चर्चा है। पवन 19 सितंबर 2022 को कुतुबगंज में ही घटित अमरजीत हत्याकांड का अभियुक्त था।
शुक्रवार को अमरेंद्र हत्याकांड में कोर्ट की तारीख कर वह घर लौटा था। तभी वारदात को अंजाम दिया गया। बबरगंज पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया। सिटी एसपी और एफएसएल की टीम भी मौके पर जांच की। पवन के परिजनों ने हत्या को लेकर अमरजीत के बेटे मानस के अलावा रंजन, सुनील यादव, चनिक यादव, भोला, सागर, सौरभ व अन्य पर आरोप लगाया है।
इधर, सिटी एसपी राज ने कहा कि जिसकी हत्या हुई है वह पहले के एक हत्याकांड का अभियुक्त रहा है। मृतक के परिजनों के बयान पर केस दर्ज कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जाएगी। हत्या के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है। पवन यादव छह महीने पहले ही जेल से छूटकर बाहर निकला था। कुतुबगंज में घटित अमरेंद्र हत्याकांड में भागलपुर पुलिस ने 12 अक्टूबर 2022 को पवन को दिल्ली से गिरफ्तार किया था जिसके बाद कोर्ट ने उसे जेल भेजा था। डीएम से अनुमति मिलने के बाद शुक्रवार की देर रात ही पवन के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया।