मधुबनी: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर होने वाली बैठक से पहले एक और मर्डर की वारदात सामने आई है। मधुबनी जिले के बेनीपट्टी में एक कंपाउंडर के सिर में बदमाशों ने गोली मार दी। हमले में गंभीर रूप से जख्मी युवक ने दरभंगा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार दोपहर बाद पटना में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर हाई लेवल बैठक करने वाले हैं। इसमें पुलिस और गृह विभाग के आला पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। बिहार में लगातार हो रहीं हत्या और लूट की वारदातों पर विपक्ष नीतीश सरकार पर हमलावर है। जानकारी के मुताबिक बेनीपट्टी से उच्चेठ जाने वाले मुख्य पथ के पशुपातिया गाछी के निकट अज्ञात अपराधियों ने युवक की गुरुवार रात हत्या कर दी।
मृतक की पहचान बेनीपट्टी थाना के बेहटा पश्चिम टोला के एराजीजगत के 29 वर्षीय सुनील झा के रूप में हुई है। झा पेशे से कंपाउंडर था और गांवों में घूम-घूमकर मरीजों का इलाज किया करता था। पुलिस ने घटना स्थल से एक बाइक और एक जिन्दा कारतूस जब्त की है। घटना को लेकर लोग दहशत में है। घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए हाईलेवल मीटिंग करने वाले हैं। इसमें मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, डीजीपी आरएस भट्टी, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। दरअसल, बिहार में हत्या समेत अन्य आपराधिक वारदातों को लेकर मुख्य विपक्षी पार्टी आरजेडी नीतीश सरकार को लगातार घेर रही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रोजाना क्राइम के आंकड़े जारी कर एनडीए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में सीएम नीतीश की यह बैठक अहम मानी जा रही है।