डेहरी। रोहतास जिले में पिछले महीने हुए जिम संचालक की हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इसकी जानकारी देते हुए डेहरी एसडीपीओ ने बताया कि हत्याकांड का मास्टरमाइंड गांधी चौधरी को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि हत्या में शामिल शूटर सहित अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की गई है। बता दे की 29 जून 2024 को नासरीगंज थाना क्षेत्र के झांझरिया पुल के पास जिम संचालक अतुल श्रीवास्तव को रात्रि 8 बजे के आसपास गोलीमार का हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा था और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार धरना प्रदर्शन भी किया जा रहा था। हत्याकांड को गंभीरता से देखते हुए रोहतास एसपी विनीत कुमार ने एसआईटी टीम गठित कर जांच के निर्देश दिया था और इसकी जिम्मेदारी डेहरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सौंप गई, जिसमें नासरीगंज थाना अध्यक्ष सहित कई थाना अध्यक्षों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों को टीम में शामिल किया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि गांधी चौधरी और जिम संचालक के बीच बालू घाट को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। 2023 में भी दोनों के बीच मारपीट हुई थी। इसी को लेकर गांधी चौधरी ने षडयंत्र रचते हुए जिम संचालक अतुल श्रीवास्तव की हत्या की घटना को अंजाम दिया। एसडीपीओ ने बताया कि हत्या के अगले दिन ही नामजद अभियुक्त बिरजू पासवान को गिरफ्तार किया गया। उसके बाद 13 जुलाई को अप्राथमिक अभियुक्त छोटू पासवान को गिरफ्तार किया गया जो की शूटर था और इसी के द्वारा गोली मारी गई थी। छोटू पासवान की गिरफ्तारी के बाद उसने अपनी इस हत्या में संलिप्ता स्वीकार कर ली और इस हत्या के पीछे गांधी चौधरी का षड्यंत्र बताया। उन्होंने बताया कि गांधी चौधरी षड्यंत्र रच कर वैष्णो देवी चला गया था और उसी के इशारे पर इस हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। एसडीपीओ ने बताया कि हत्या के मुख्य आरोपी गांधी चौधरी को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार गांधी चौधरी पर रोहतास, औरंगाबाद सहित झारखंड के विभिन्न स्थानों में कुल 21 मामले दर्ज है। जिसमें हत्या, लूट, चोरी का मामल दर्ज है।