बिहार के समस्तीपुर में एक युवक ने तनाव में आकर आत्महत्या कर ली। छह महीने पहले उसकी शादी हुई थी, जिसके बाद से उसके अपनी से रिश्ते अच्छे नहीं चल रहे थे। ओडिशा से लौटकर आने के कुछ दिन बाद उसने यह कदम उठा लिया। समस्तीपुर जिले के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र के रहियार गांव में मंगलवार सुबह आम के पेड़ से एक युवक का शव लटकता हुआ मिला। युवक की पहचान सीमावर्ती दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के परशम्मा गांव निवासी स्वर्गीय जगदीश चौधरी पुत्र सन्नी चौधरी के रूप में की गई है। सन्नी पिछले 20 दिन से अपना ननिहाल में रह रहा था। घटना की सूचना पर पहुंची शिवाजी नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। युवक का मामा बलदेव सहनी ने बताया कि उनकी बहन और बहनोई दोनों की मौत हो चुकी है।
उन्होंने छह महीने पहले अपने भांजे सन्नी चौधरी की शादी की थी। लेकिन, शादी के बाद से सन्नी और उसकी पत्नी के बीच अच्छे संबंध नहीं रहे। पत्नी उसके साथ जाना नहीं चाहती थी, जिस कारण सन्नी काफी तनाव में रहता था। करीब एक महीन पहले उसे समझा बूझाकर कमाने के लिए ओडिशा भेजा था। लेकिन, वह 15 दिनों के अंदर ही वापस लौट आया। नाग पंचमी के दिन वह ननिहाल आया था, उसने बताया कि मेला देखने के लिए आया है। तब से वह यहीं रहकर आइसक्रीम बेच रहा था और जहां-तहां सो जाता था। घर पर भी नहीं आ रहा था। बलदेव सहनी ने बताया कि सुबह करीब 8:00 बजे उन्हें गांव के लोगों ने सूचना दी कि सन्नी का शव गांव के बगीचे में आम के पेड़ से लटक हुआ है। उसने तनाव में आकर आत्महत्या की है। पिछले कुछ दिन से वह नशा पान का भी सेवन करने लगा था। बताया गया है कि ओडिशा से लौटने के बाद सन्नी करीब 5 दिन तक बिरौल में रहा, उसके बाद नाग पंचमी के दिन अपने ननिहाल सहियारा गांव पहुंचा था।
पिछले सप्ताह से उसने आइसक्रीम का ठेला लगाना शुरू किया था। परिवार से बेहतर संबंध नहीं होने के कारण वह नशे का भी आदि हो गया था, वह हमेशा नशे की हालत में रहता था।मृतक युवक के मामा बलदेव साहनी ने बताया कि कुछ दिन पहले भी सन्नी ने करंट लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। हालांकि, उसे बचा लिया गया था। इसके बाद उसे समझा-बुझाकर कमाने के लिए ओडिशा भेजा। लेकिन, वापस आकर उसने आत्महत्या कर ली। शिवाजी नगर थाना अध्यक्ष छोटेलाल सिंह ने बताया कि युवक ने आम के पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। घटना को लेकर प्राथमिक की दर्ज की गई है।