सासाराम। स्थानीय रामेश्वरगंज स्थित अनुसूचित जाति आवासीय बालक उच्च विद्यालय में शनिवार को सर्पदंश से रसोईकर्मी संगीता देवी की हुई मृत्यु पर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने मृतक के आश्रित को तत्काल चार लाख रुपये मुआवजा देने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन द्वारा उक्त घटना के कुछ घंटों के भीतर ही मृतक के पति राजू सिंह को आपदा प्रबंधन के प्रावधान के तहत चार लाख का चेक प्रदान किया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मृतक के आश्रितों को सहायता राशि के अतिरिक्त और भी जो लाभ दिए जा सकते हैं,
उन्हें तत्काल प्रदान किए जाएं। बता दें कि शनिवार को अनुसूचित जाति आवासीय बालक उच्च विद्यालय, रामेश्वरगंज में जीविका दीदी द्वारा संचालित रसोईकर्मी संगीता देवी को काम के दौरान सांप काटने की घटना हुई थी। इस घटना के तुरंत बाद ही विद्यालय प्रबंधन ने संगीता देवी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिलाधिकारी के संज्ञान में आने पर उन्होंने तत्काल सिविल सर्जन को पूरी तत्परता के साथ इलाज करने का निर्देश दिया था। लेकिन दुर्भाग्यवश इलाज के दौरान रसोईकर्मी की मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना के तुरंत बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला परियोजना पदाधिकारी (जीविका) द्वारा मृतक के पति राजू सिंह को चार लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया। घटना वाले दिन जिला कल्याण पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार द्वारा विद्यालय में आवासित छात्रों के बीच रात्रि भोजन तक उपस्थित रह कर सारी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया था।