औरंगाबाद । लूटकांड में फरार एक शातिर बदमाश को देव पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान सिमरा थाना क्षेत्र के अजनिया गांव निवासी सुजीत कुमार उर्फ गुड्डू यादव के रूप में की गई है। इसका आपराधिक इतिहास रहा है। यह कई आपराधिक कांडो से फरार चल रहा है। दरअसल घटना बीते 29 अगस्त की हैं जिसमें देव थाना क्षेत्र अंतर्गत दधपा बगीचा के समीप रात्री करीब 08:30 बजे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बजरडीह गांव निवासी चंदन सिंह को रोक कर पहले मारपीट किया गया और इसके बाद उनकी बाइक लूट कर वे फरार हो गए। घटना को लेकर उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई और घटना की जानकारी दी। मामले में अज्ञात तीन अभियुक्तों के खिलाफ़ कांड दर्ज़ किया गया।
तत्पश्चात कांड की गंभीरता के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वितीय अमित कुमार के नेतृत्व में थानाध्यक्ष विकास कुमार एवं अन्य सशस्त्र बलों द्वारा कार्रवाई की, जिसमें पुलिस द्वारा कांड का सफल उद्भेदन करते हुए पूर्व में ही एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया था, तथा कांड के मास्टरमाइंड सुजीत का भी तलाश की जा रही थी। तभी आज अभियुक्त को सिमरा थाना क्षेत्र के अदरी मोड़ से गिरफ्तार किया गया। घटना की जानकारी देते हुए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वितीय अमित कुमार ने बताया कि पकड़ा गया अभियुक्त लूटपाट और शराब सहित अन्य कांडों में फरार था। इसके खिलाफ़ सिमरा थाना में तीन, देव थाना में एक और उत्पात थाना में भी एक कांड दर्ज़ हैं। आवश्यक कार्रवाई के उपरांत अभियुक्त को जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विकास कुमार , एसआई राहुल कुमार, तकनिकी शाखा औरंगाबाद के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।