- डीएम ने पद व गोपनीयता की दिलाई शपथ
- मेयर एवं डिप्टी मेयर सहित वार्ड पार्षदों ने नगर निगम क्षेत्र के विकास पर दिया बल
सासाराम: नगर निगम का चुनाव परिणाम के 13 दिनों के बाद शुक्रवार को नगर निगम के सभी नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों, उप मुख्य पार्षद एवं मुख्य पार्षद ने शपथ ग्रहण कर अपना कार्यभार संभाला। बता दें कि नगरपालिका चुनाव 2022 के तहत 28 दिसंबर को सासाराम नगर निगम के लिए चुनाव संपन्न कराया गया था एवं 30 दिसंबर को परिणाम घोषित कर दिया गया था। परिणाम घोषित करने के लगभग 13 दिनों के बाद शुक्रवार को सासाराम समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित कर शपथ ग्रहण करवाया गया। नगर विकास एवं आवास विभाग बिहार सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देश के आलोक में रोहतास जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने सासाराम नगर निगम के सभी नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद, उप मुख्य पार्षद एवं मुख्य पार्षद को शपथ ग्रहण करवाया। वही शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सुबह से ही सासाराम समाहरणालय में वार्ड पार्षदों के साथ-साथ मेयर एवं डिप्टी मेयर एवं उनके समर्थकों की भीड़ देखी गई। अपने चहेते वार्ड पार्षद, उप मुख्य पार्षद एवं मुख्य पार्षद का शपथ ग्रहण समारोह देखने के लिए लोग सुबह से ही मौजूद रहे।
नगर निगम में भी रही हलचल
वार्ड पार्षद, उप मुख्य पार्षद, मुख्य पार्षद के शपथ ग्रहण को लेकर सासाराम नगरपालिका में भी शक्रवार की सुबह से ही हकचल देखी गई। नगर निगम को नए पार्षदों, उप मुख्य पार्षद एवं मुख्य पार्षद के स्वागत में दुल्हन की तरह सजाया गया था। शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न होने के बाद सभी नव निर्वाचित वार्ड पार्षद, उप मुख्य पार्षद एवं मुख्य पार्षद नगर निगम पहुँचे जहां उनका गर्म जोशी के साथ स्वागत किया गया। वही मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद के साथ साथ सभी वार्ड पार्षदों ने नगर निगम के सभी कर्मियों से मुलाकात कर उनका अभिनदंन स्वीकार किया।
शहर को स्वच्छ बनाना पहली प्राथमिकता
मेयर काजल कुमारी ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो गया है। नगर निगम कार्यालय में योगदान भी कर ली हूँ। हमारी पहली प्राथमिकता सासाराम शहर को स्वच्छ रखना होगा। जनता की सभी परेशानियों को दूर किया जाएगा। सासाराम शहर को किस तरह से स्मार्ट बनाया जाए, इसपर विशेष रूप से काम किया जाएगा। हरेक वार्ड के बारे में जानकारियां ली जाएगी। जो भी नगर निगम की कमियां होंगी, उसे दूर किया जाएगा।
उपमुख्य पार्षद बोली नगर निगम का होगा विकास
सासाराम नगर निगम की उपमुख्य पार्षद सत्यवंती देवी ने बताया कि निगम के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह कार्य जिलाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हो गया है। अब नगर निगम क्षेत्र को विकास की राह पर ले जाएंगे। नगर निगम की जनता ने पहली बार चुना है। कोशिश रहेगी नगर निगम इलाके में विकास हो। वहीं उपमुख्य पार्षद ने बताया शहर के फुटकर विक्रेताओं को भी स्थायी व सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। नगर निगम को एक अच्छी मेयर मिली हैं तो निगम क्षेत्र में काम भी होगा और विकास भी होगा।