औरंगाबाद : रफीगंज के पौथू थाना क्षेत्र के शिवा में बदमाशों ने एक महिला की गला रेतकर हत्या करने के बाद उसके शव को बधार में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार महिला रविवार की शाम में घर से बाजार के लिए निकली थी लेकिन देर रात तक वापस अपने घर नहीं लौटी। महिला के वापस नहीं लौटने के बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चला। सोमवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो महिला का शव देखकर दंग रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई है।
पूरे मामले पर पौथू थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि शिवा गांव में एक महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल कर रही है। पौथु थाना क्षेत्र इन दिनों हत्या को लेकर चर्चा में बना हुआ है। बता दें कि 20 दिन पूर्व पहले भी इसी गांव में बदमाशों ने एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिले में लगातार हो रही हत्या की वारदातों से लोगों में पुलिस के प्रति गहरा आक्रोश है।