बक्सर : बक्सर में बन रहे पावर प्लांट में उचित मुआवजा की मांग को लेकर किसान बीते कई महीनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच बीते दिनों पुलिस द्वारा प्रदर्शन कर रहे किसानों पर लाठी चार्ज किया गया था। वहीं, पुलिस ने किसानों के घर में घुसकर उसके परिजनों के साथ मारपीट की थी। जिसके बाद किसान आक्रोशित हो गये और पावर प्लांट में आगजनी कर प्रदर्शन किया था। इस घटना में करीब 9 गाड़ियां जलकर राख हो गई थी। अब इस घटना के बाद किसानों द्वारा आज ट्रैक्टर रैली निकालकर प्रदर्शन किया गया।
बक्सर में बन रहे एसजेवीएन पावर प्लांट में किसान जमीन का उचित मुआवजा नहीं देने का आरोप लगा रहे हैं। 10 जनवरी को धरना दे रहे किसानों के घर में पुलिस ने घुसकर आधी रात को लाठिया बरसाईं थी। 11 जनवरी को आक्रोशित किसानों ने पुलिस बर्बरता के खिलाफ आगजनी की थी। प्रशासन के द्वारा कुल 339 लोगों पर एफआईआर दर्ज किया गया था।
किसानों पर पुलिस द्वारा किए गये बर्रबरता के बाद बिहार की सियासत तेज हो गई। केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद ने इसका विरोध किया और दो दिनों तक मौन व्रत पर बैठे रहे। वहीं, 16 जनवरी को किसानों के समर्थन में किसान नेता राकेश टिकैत पहुंचे थे और उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कड़ी चेतावनी दी थी। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों के समर्थन में 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी। इसी कड़ी में आज किसान ट्रैक्टर रैली निकाल रहे हैं। हालांकि, प्रशासन ने किसानों को ट्रैक्टर रैली निकालने का परमिशन नहीं दिया है।