पटना : पूर्णिया से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां गणतंत्र दिवस के मौके पर शहर से सटे मधुबनी सिपाही टोला इलाके में पाकिस्तानी झंडा फहराया गया है। मस्जिद से लगे एक मकान में पाकिस्तानी झंडा लहराता मिला। देशद्रोह से जुड़ा यह मामला मधुबनी टीओपी थाना क्षेत्र का है। पुलिस बल के साथ मीडिया की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने मकान से पाकिस्तानी झंडा हटाया गया।
मकान मालिक का नाम मो. मुबारुकदीन बताया जा रहा है। इस बाबत घर की महिला सदस्य ने बताया कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि यह पाकिस्तान का झंडा है। इस झंडे को उनके भैंसुर के बेटे ने आज सुबह फहराया था। वे लोग धार्मिक झंडा समझ रहे थे। महिला ने माना कि अगर ऐसा है तो गलत है। उनके भैंसुर मो. मुबारुकदीन शहर के माधोपाड़ा इलाके में निजी विद्यालय चलाते हैं। उनके पति दो भाई हैं और दोनों भाई एक ही घर में रहते हैं। मामले के प्रकाश में आते ही इलाके में हंगामा मच गया।
मधुबनी टीओपी थाने के थानाध्यक्ष पवन कुमार चौधरी ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही वे संदिग्ध घर में पहुंचे। झंडे को हटाया गया है। पूरे मामले को लेकर एसडीओ पूर्णिया से बातचीत की गई है। दोषी पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच की जा रही है कि झंडा पाकिस्तानी है या नहीं। झंडा घर में कहां से आया और इसको लगाने का क्या मकसद था, पुलिस इस संबंध में भी जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है।