आरा : भोजपुर जिले के जगदीशपुर में जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा पर हमला किया गया है। उपेंद्र कुशवाहा बक्सर में अपने समर्थकों के साथ बैठक कर पटना वापस लौट रहे थे। इसी बीच जगदीशपुर के नयका टोला मोड़ के पास उनकी गाड़ी पर पत्थर चलाये गये। उपेंद्र कुशवाहा ने खुद मीडिया को इसकी जानकारी दी है। बक्सर में कुशवाहा ने पार्टी के अंदर उनके खिलाफ बोलने वालों पर हमला बोला था।
मिल रही जानकारी के अनुसार उपेंद्र कुशवाहा जब गुजर रहे थे तो रास्ते में ग्रामीणों ने काले झंडे दिखाए। इस दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए। कई लोगों के सिर फट गए हैं। काला झंडा दिखाने वाले किस गुट के थे इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। काला झंडा दिखाने के दौरान कुशवाहा के समर्थकों ने दूसरे गुट के लोगों को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। इस दौरान अफरातफरी मची रही।